शिक्षा के बाज़ार में ज्ञान की तलाश
हमारे देश में शिक्षा को बड़ा पवित्र कार्य माना जाता है। इतना पवित्र कि बच्चा अभी दुनिया में आया भी नहीं होता और उसके भविष्य की चिंता पूरे परिवार को लग जाती है। डॉक्टर अल्ट्रासाउंड की स्क्रीन पर धड़कता हुआ एक छोटा-सा जीव दिखाता है और घर वाले पूछ बैठते हैं- "डॉक्टर साहब, ज़रा ध्यान से देखिए... इंजीनियर लग रहा है या प्रशासनिक अधिकारी? कहीं ऐसा तो नहीं कि बड़ा होकर लेखक-कवि बन जाए?" बच्चा जन्म लेता है। उसे यह भी नहीं मालूम कि संसार में आया किसलिए है, लेकिन माता-पिता को मालूम होता है कि उसे कहाँ पहुँचना है। वह "माँ" कहना सीखने से पहले "ए फॉर एप्पल" और "वन टू थ्री" सीखने का राष्ट्रनिर्माण कार्यक्रम शुरू कर देता है। उसे बचपन बाद में और सिलेबस पहले मिल जाता है। जब दो साल का बच्चा स्कूल भेजा जाता है। दृश्य ऐसा होता है जैसे कोई जवान सीमा पर तैनाती के लिए रवाना हो रहा हो। माँ की आँखें नम, पिता का चेहरा गंभीर और बच्चा पूरी ताकत से यह घोषणा कर रहा होता है कि उसे शिक्षा नहीं चाहिए। लेकिन शिक्षा व्यवस्था लोकतंत्र नहीं मानती; यहा...