नव पर, नव स्वर दे!


जीवन सतत् गति का पर्याय है, सकारात्मकता इसी गति को सार्थकता प्रदान करती है। कहने को किसी भी वर्ष का परिवर्तन केवल कैलेंडर का परिवर्तन भी कह देते हैं क्योंकि वर्ष के परिवर्तन मात्र से व्यक्ति के जीवन के हालात और परिस्थितियाॅं रातों-रात नहीं बदल जातीं। ऐतबार साज़िद ने कहा है कि 'कैलेंडर के बदलने से मुकद्दर कब बदलता है'। लेकिन यह समय-परिवर्तन व्यक्ति को एक अवसर देता है कि वह अपने संकल्पों की धरा पर खड़े होकर सकारात्मकता को सहेजे और सृजनात्मकता को संवारे।
    

भारतीय संस्कृति अनुसार नववर्ष आगमन चैत्र माह से होता है, जो विक्रम संवत्सर के नाम से जाना जाता है। जिसका संबंध सम्राट विक्रमादित्य की शकों पर विजय-प्राप्ति से है। किन्तु पूरे विश्व में यह अंग्रेजी अथवा ग्रेगोरियन कैलेंडर प्रचलित है, जो जनवरी से प्रारंभ होकर दिसंबर में पूर्ण होता है। पहले इसे रोमन कैलेंडर के नाम से जाना जाता था जो मार्च से प्रारंभ होता था। इसलिए सितंबर से दिसंबर तक महीनों के नाम संख्यावाची क्रम में हैं, जो क्रमशः सातवें, आठवें, नौवें और दसवें महीने के लिए प्रयुक्त होते हैं। बाद में इन लोगों ने जनवरी से प्रारंभ कर दिया। यह उनके रोमन देवता 'जेनस' के नाम पर है। दुनिया भर में यही कैलेंडर की मान्यता है, अतः पूरे विश्व में नववर्ष का प्रारंभ इसी कैलेंडर के आधार पर माना जाता है।
   (पोप ग्रेगोरी XIII जिन्होंने 1582 में ग्रेगोरियन कैलेंडर बनाया।)

             हम इक्कीसवीं सदी का एक चौथाई हिस्सा पार कर चुके हैं। नववर्ष का आगमन हो गया है। नववर्ष केवल कैलेंडर का बदलना भर नहीं है अपितु यह जीवन के काल-चक्र में खड़े होकर स्वयं से प्रश्न करने और आत्मचिंतन का अवसर भी है। हमने पुराने वर्ष को अलविदा कह दिया है और नववर्ष का स्वागत कर चुके हैं, उसी क्षण जीवन के दो पहलू - अलविदा और अगवानी एक साथ दिखाई देते हैं। एक पहलू है जो पीछे छूट चुके अनुभव, सफलता, विफलता, सुख-दु:ख का है तो दूसरा आगे खुलते नये अवसरों, आशाओं, विचारों, संकल्पों और संभावनाओं का। इन्हीं दोनों के बीच खड़ा मनुष्य यह तय करता है कि उसे आगे किस दिशा में जाना है।

इस क्षणिक ठहराव में मनुष्य की स्मृतियाॅं अनुशासन पाती हैं। बीता हुआ समय बोझ नहीं रह जाता, अपितु सीख बनकर सतत् प्रवहमान रहने की प्रेरणा देता है। गौतम बुद्ध का कथन है कि "बीता हुआ समय चाहे जितना भी कठिन रहा हो, आप हमेशा एक नई शुरुआत कर सकते हैं।" 
इसी भावभूमि को आधार बनाकर हमें संकल्पित होना है कि हम अपने कार्य, अपने कर्म, अपने धर्म के प्रति विवेकशील रहें। जीवन में जिस भी क्षेत्र में जाना हो, उस क्षेत्र में दृढ़ निश्चयी होकर अनहद आनंद के साथ पूरे वर्ष अपने कार्य को करते रहें। हमें नववर्ष में अलविदा कहना होगा उन नकारात्मक विचारों, आदतों, प्रवृत्तियों को जो जीवन को बोझिल और नीरस बनाती रही हैं। उन सभी प्रवृत्तियों को अलविदा कहना होगा जो एक मनुष्य को बेहतर मानवीय मूल्य और दृष्टिकोण नहीं प्रदान कर रही हैं। अपने आराध्य से यही प्रार्थना रहे कि यह नववर्ष हमारे भीतर नवीन ऊर्जा, संकल्पों और सुविचारों को जन्म दे और उन्हें पूर्ण करने हेतु सामर्थ्यता और शक्ति प्रदान करें। प्रसंगवश राष्ट्रकवि सोहनलाल द्विवेदी की काव्य-पंक्तियाॅं स्मरण हो उठती हैं-

स्वागत! जीवन के नवल वर्ष 
आओ नूतन निर्माण लिये,
इस महाजागरण के युग में 
जाग्रत जीवन अभिमान लिये।


 ~ प्रतीक सिंह 



01 जनवरी 2026, दिल्ली 

Comments

Popular posts from this blog

शिक्षा के बाज़ार में ज्ञान की तलाश

प्रेम