शिक्षा के बाज़ार में ज्ञान की तलाश

हमारे देश में शिक्षा को बड़ा पवित्र कार्य माना जाता है। इतना पवित्र कि बच्चा अभी दुनिया में आया भी नहीं होता और उसके भविष्य की चिंता पूरे परिवार को लग जाती है। डॉक्टर अल्ट्रासाउंड की स्क्रीन पर धड़कता हुआ एक छोटा-सा जीव दिखाता है और घर वाले पूछ बैठते हैं- "डॉक्टर साहब, ज़रा ध्यान से देखिए... इंजीनियर लग रहा है या प्रशासनिक अधिकारी? कहीं ऐसा तो नहीं कि बड़ा होकर लेखक-कवि बन जाए?"
बच्चा जन्म लेता है। 
उसे यह भी नहीं मालूम कि संसार में आया किसलिए है, लेकिन माता-पिता को मालूम होता है कि उसे कहाँ पहुँचना है। वह "माँ" कहना सीखने से पहले "ए फॉर एप्पल" और "वन टू थ्री" सीखने का राष्ट्रनिर्माण कार्यक्रम शुरू कर देता है। उसे बचपन बाद में और सिलेबस पहले मिल जाता है।

                जब दो साल का बच्चा स्कूल भेजा जाता है। दृश्य ऐसा होता है जैसे कोई जवान सीमा पर तैनाती के लिए रवाना हो रहा हो। माँ की आँखें नम, पिता का चेहरा गंभीर और बच्चा पूरी ताकत से यह घोषणा कर रहा होता है कि उसे शिक्षा नहीं चाहिए। लेकिन शिक्षा व्यवस्था लोकतंत्र नहीं मानती; यहाँ बच्चे की राय पूछना समय की बर्बादी माना जाता है।
फिर शुरू होती है फीस की महागाथा।
स्कूल में प्रवेश लेने जाइए तो लगेगा कि किसी पाॅंच सितारा होटल की सदस्यता लें रहे हैं। स्वागत मुस्कान से होगा, विदाई रसीद से। बताया जाएगा कि यहाँ स्मार्ट क्लासेज हैं, डिजिटल बोर्ड है, एयर कंडीशंड रूम्स हैं, रोबोटिक्स लैब हैं, इंटरनेशनल एक्सपोज़र है। आप प्रसन्न हो उठेंगे कि अब तो बच्चा नोबेल पुरस्कार लेकर ही लौटेगा। बाद में पता चलता है कि इन सब सुविधाओं के बीच पढ़ाई कहीं अवकाश पर चली गई है।

मुझे कभी-कभी लगता है कि इस देश में सबसे अधिक साहसी प्राणी कोई सैनिक नहीं, बल्कि वह पिता है जो हर साल स्कूल की फीस भरने जाता है। बैंक का मैनेजर उसे देखकर उतना खुश नहीं होता जितना स्कूल का अकाउंट सेक्शन होता है।

हमारी शिक्षा व्यवस्था में किताबों का वज़न बच्चों की बुद्धि से ज्यादा होता है। छह साल का बच्चा इतना भारी बैग लेकर चलता है कि देखकर लगता है वह स्कूल नहीं, हिमालयन ट्रैक पर निकला है।
सरकार हर साल कहती है कि बच्चों पर पढ़ाई का बोझ कम किया जाएगा। यह सुनकर स्कूल भी भावुक हो जाते हैं। अगले सत्र में किताबों का बोझ थोड़ा कम करने के लिए दो नई किताबें और चार नई कॉपियाँ जोड़ देते हैं। आखिर शिक्षा में निरंतर सुधार होना चाहिए।

हमारे यहाँ ज्ञान की सबसे विश्वसनीय इकाई प्रतिशत है। बच्चा अगर 98 प्रतिशत अंक ले आए तो परिवार का चेहरा ऐसा हो जाता है जैसे किसी ने शोक-संदेश भेज दिया हो।
"दो प्रतिशत कहाँ गए?"
मानो वे दो प्रतिशत नहीं, परिवार की प्रतिष्ठा लेकर भाग गए हों।
किसी बच्चे से कभी यह नहीं पूछा जाता कि उसने क्या समझा। उससे केवल इतना पूछा जाता है- "कितने नंबर आए?"
शिक्षा अब विचार पैदा नहीं करती, तुलना पैदा करती है। हर बच्चे की रिपोर्ट कार्ड में उसके अंक कम और पड़ोसी के बच्चे का चेहरा ज़्यादा दिखाई देता है।

परीक्षा भी अद्भुत अनुष्ठान है। पूरे साल छात्र किताबों को देखते हैं, परीक्षा से एक सप्ताह पहले किताबें छात्रों को देखने लगती हैं। फिर रात-रात भर चाय, कॉफी और घबराहट के सहारे ज्ञान को स्मृति में धकेला जाता है। परीक्षा के तीन घंटे में सब उत्तर-पुस्तिका पर उँड़ेल दिया जाता है और बाहर निकलते ही आधा ज्ञान हवा में विलीन हो जाता है।
शिक्षा व्यवस्था इसे 'सीखना' कहती है।
कोचिंग संस्थानों ने तो शिक्षा को पूर्णतः उद्योग बना दिया है। अब विद्यालय शिक्षा देते हैं और कोचिंग 'सफलता'। हर शहर में होर्डिंग लगे रहते हैं- "हमारे यहाँ से AIR-1।"
ऐसे लिखा होता है जैसे बाकी लाखों अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं, पिकनिक मनाने गए थे।
बेचारे सफल छात्र की मुस्कान अगले पाँच वर्षों तक हर चौराहे पर टँगी रहती है। वह स्वयं नौकरी करने चला जाता है, लेकिन उसकी तस्वीर अब भी नए छात्रों से कहती रहती है -आओ, अगला सपना तुम बनो।
शिक्षक भी समय के साथ आधुनिक हो गए हैं। पहले गुरु जी कहते थे - विद्या बाँटने से बढ़ती है।
अब कहते हैं - "और अच्छे से समझने के लिए मेरे कोर्स को खरीदें, अभी खरीदेंगे तो 20% का डिस्काउंट मिल जायेगा।"
कक्षा में समय कम पड़ जाता है, लेकिन शाम की ट्यूशन में वही अध्याय बड़े विस्तार से समझाया जाता है। ज्ञान अब नदी नहीं रहा, पाइपलाइन हो गया है, जिसका कनेक्शन फीस जमा करने के बाद मिलता है।

विश्वविद्यालयों का अपना अलग दर्शन है। वहाँ छात्र से ज़्यादा नोटिस बोर्ड सक्रिय रहता है। कभी परीक्षा स्थगित, कभी परिणाम लंबित, कभी पोर्टल बंद, कभी सर्वर व्यस्त। छात्र पढ़ाई से कम और वेबसाइट रिफ्रेश करने से ज़्यादा शिक्षित होता है। पढ़ाई के लिए यहाॅं समय निकालना पड़ता है, क्योंकि छात्र चुनावों में अधिक सक्रिय रहते हैं। चार साल तक छात्र लाइब्रेरी से ज्यादा कैंटीन में दिखता है। सेमेस्टर शुरू होते ही सब कहते हैं कि इस बार शुरू से पढ़कर बढ़िया 'कमबैक' करेंगे। फिर देखते-देखते परीक्षा की डेटशीट आ जाती है और वही छात्र पूरी किताब को परीक्षा से पहले दो रात में निपटाने का आध्यात्मिक प्रयास करता है।

डिग्री वितरण समारोह बड़ा मार्मिक दृश्य होता है। छात्र गाउन पहनकर मुस्कुराता है। माता-पिता की आँखों में गर्व होता है। विश्वविद्यालय घोषणा करता है -"अब आप शिक्षित नागरिक हैं।"
उधर नौकरी देने वाला पहला प्रश्न पूछता है-
"अनुभव?"
छात्र कहता है- "अभी तो कॉलेज से निकला हूँ।"
उत्तर मिलता है- "पहले अनुभव लेकर आइए।"
वह सोचता है कि अनुभव नौकरी से मिलेगा और नौकरी अनुभव से। इसी विचार में उसकी युवावस्था का एक अच्छा-खासा हिस्सा निकल जाता है।
शिक्षा व्यवस्था की सबसे बड़ी उपलब्धि यही है कि वह हर साल लाखों डिग्रियाँ देती है और उतने ही प्रश्न भी।


    अंत में सरकार, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, कोचिंग और अभिभावक सब एक स्वर में कहते हैं कि हम नई शिक्षा नीति से भारत का भविष्य बदल देंगे। बेचारा छात्र यह सुनकर मुस्कुराता है क्योंकि उसे पता है कि नीति चाहें जितनी नई हो जाए, परीक्षा में प्रश्न वही आएगा- 
"बारह अंकों में उत्तर दीजिए!"
और जीवन हर बार उससे यही पूछेगा- " बताइए, आपने सच में क्या सीखा?"


~ प्रतीक सिंह 

Comments

Popular posts from this blog

नव पर, नव स्वर दे!

प्रेम