प्रेम
प्रेम एक छोटा सा शब्द स्वयं में कितने सारे अर्थ समेटे हुए है। प्रेम का स्वरूप विराट और अपरिमित है जो मानव जीवन के लिए अनिवार्य है। इसकी अनिवार्यता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इस छोटे से शब्द की विस्तृत सत्ता और महत्ता के संबंध में न जाने कितने संत महात्माओं, कवियों, गीतकारों, शायरों द्वारा इतना कुछ कहा और लिखा जा चुका है कि अब कुछ और कहे जाने की कोई गुंजाइश नजर नहीं आती। फिर भी इसके अस्तित्व और महत्व के संबंध में अनुभवी व्यक्तियों द्वारा लिखे जाने का सिलसिला अनवरत जारी है। आज भी महसूस हो रहा है कि प्रेम के संबंध में बहुत कुछ लिखा जाना शेष है, जो अनकहा रह गया है। ऐसा कहा जाता है कि जब तक इस धरा पर मानव का अस्तित्व रहेगा, तब तक प्रेम की शक्ति का संचार होता रहेगा।
हिंदी साहित्य के अनेक विद्वानों ने प्रेम जैसे चिरंतन विषय पर कविताएं, दोहे, चौपाई, गीत, उपन्यास, निबंध आदि लिखकर प्रेम की महत्ता को बरकरार रखने का कार्य किया है। हिंदी के प्रसिद्ध विद्वान कबीरदास जी कहते हैं - “ढाई आखर प्रेम का पढ़े सो पंडित होय”। कबीरदास जी उसे विद्वान और ज्ञानी नहीं मानते जो जीवनभर पोथियों के ज्ञान को ढोते रहते हैं। उन्होंने उसे ज्ञानी कहा है जो प्रेम के ढाई अक्षर को पढ़कर उसे जाने और समझे। प्रेम की शक्ति अपरिमित और असीमित है, बस भाव शुद्ध और लक्ष्य उत्तम होना चाहिए। आप कितने ही प्रकांड विद्वान क्यों न हो जाएं, यदि आपके जीवन में प्रेम नहीं उतरा, तो सब व्यर्थ है।
प्रेम के बिना जीवन की कल्पना अधूरी है, जितनी प्राणवायु जीवन के लिए आवश्यक है उससे कहीं अधिक प्रेम का संचार भी जीवन में अति-महत्वपूर्ण है यह प्रेम प्रकृति से, ईश्वर से, परिवार से, समाज से या फिर स्वयं से हो सकता है। प्रेम एक सुमधुर सुखद अहसास मात्र है, यह अहसास अतुलनीय और अनिर्वचनीय होता है। इसलिए इस सुमधुर अहसास के विश्लेषण की भाषा को मौन कहा गया है। अत: हमें निःस्वार्थ प्रेम की भावना को विकसित करना चाहिए और इस संसार में प्रेम रूपी मधुर शक्ति का अहसास करना चाहिए। प्रख्यात शायर निदा फ़ाज़ली का शेर है कि -
होश वालों को ख़बर क्या बे-खुदी क्या चीज़ है,
इश्क़ कीजे फिर समझिए ज़िंदगी क्या चीज़ है।
~ प्रतीक सिंह
17 जुलाई 2025, दिल्ली
Comments
Post a Comment